कांग्रेस सरकार ने केवल वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण के सारे पैरामीटर किए पार-प्रधान

 


जयपुर, 08 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कांग्रेस सरकार पर केवल वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण के सारे पैरामीटर पार कर देने का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि प्रदेश की जनता भाजपा के पक्ष में मन बना चुकी है और अगले पचास दिन बाद राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनेगी।

श्री प्रधान रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पर प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि वह राजस्थान की राजनीति को नजदीक से देख रहे है और भाजपा के कार्यकर्ता के नाते ही नहीं बल्कि राजस्थान को पिछले कई सालों से राजनीतिक विश्लेषण करते हुए जिम्मेदारी के साथ कहा जा सकता है कि राजस्थान की जनता भाजपा के पक्ष में मन बना चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने केवल वोट बैंक के लिए तुष्टीकरण के सारे पैरामीटर तोड़ दिये। राजस्थान में बहुमत पाने के बाद भी कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी कलह की वजह से आज श्री गहलोत एक भ्रष्ट शासन करने वाले मुख्यमंत्री कहलाने लगे हैं। राजस्थान के लोगों ने उनके लंबे समय के अनुभव पर भरोसा करके वोट दिया था लेकिन आज राजस्थान में सबसे ज्यादा किसी ने निराश किया, नई पीढ़ी को गुमराह किया तो उसके लिए केवल वर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा कि वह आज जयपुर संभाग की बैठक में भाग लेने के लिए आये है और प्रदेश की 50 विधानसभाओं को लेकर आज विशेष योजना बनाई गई है क्योंकि 50 विधानसभा एक तरह से प्रदेश के राजनीतिक वातावरण का एजेंडा सेट करता है। उन्होंने बैठक में जनता को लेकर एक समीक्षा की है, इसलिए वह जिम्मेदारी के साथ कह सकते है कि वर्ष 2013 से भी बड़ा बहुमत लेकर भाजपा सरकार बनायेगी।
उन्होंने कहा “आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में एक दिव्य दृष्टि वाली सरकार, एक सेवा की योजना और राजस्थान के कार्यकर्ता और राजस्थान की जनता का आशीर्वाद भाजपा को दिख रहा है। दूसरी और केवल श्री गहलोत के नेतृत्व में एक भ्रष्ट सरकार दिख रही है जिसे कितनी जल्दी सत्ता से हटाया जाए प्रदेश की जनता ने उसके लिए मन बनाया हुआ है।”
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2018 विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी बड़े-बड़े वादे और दावे करके सत्ता में आई थी। आज कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद भी यह सरकार अस्थिर, बिना निर्णय लेने वाली, भ्रष्ट और दिशाहीन सरकार दे पाई है। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान महिला उत्पीड़न के मामलों में देश के सभी राज्यों को पार कर चुका है। उन्होंने कहा कि 32 हजार से अधिक बलात्कार के मामले पिछले पांच सालों में राजस्थान में दर्ज हुए हैं।

Harshit Tripathi

The founder of Xtaverse Global and Hatri Technologies.

Post a Comment

Previous Post Next Post